खेलछत्तीसगढ़जगदलपुर

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: दूसरे दिन एथलेटिक्स में दिखा जनजातीय खिलाड़ियों का दम, कई रोमांचक मुकाबले

जगदलपुर, 31 मार्च 2026। बस्तर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के दूसरे दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। सुबह से ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह और रोमांच का माहौल बना रहा।

पुरुष वर्ग की बाधा दौड़ में असम के त्रैलोक्य मसरोंग ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 15.85 सेकंड में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। तेलंगाना के सपावत दत्तू 16.65 सेकंड के साथ रजत और त्रिपुरा के हरि मोहन त्रिपुरा 16.82 सेकंड के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रहे।

पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में गुजरात के संतोषभाई उत्तमभाई गनवित ने 49.332 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। ओडिशा के नोबल कुमार किसान बेहद मामूली अंतर (49.335 सेकंड) से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कर्नाटक के रामू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं 100 मीटर दौड़ में झारखंड के शिव कुमार सोरेन ने 10.58 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता। छत्तीसगढ़ के तिलक बर्सेल 10.87 सेकंड के साथ रजत और ओडिशा के अतीश किंडो 10.91 सेकंड के साथ कांस्य पदक पर रहे।

लंबी कूद में लक्षद्वीप के अब्दुल फतह एनएम ने 7.03 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा के भीमा सरदार और जीवन मुक्ति बिलुंग ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए।

मैदानी स्पर्धाओं में डिस्कस थ्रो में गुजरात के मकवाना दानिश दिलीपभाई ने 44.83 मीटर के शानदार थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता। छत्तीसगढ़ के सिद्धार्थ नागेश ने 35.56 मीटर के साथ रजत पदक जीतकर स्थानीय दर्शकों को गर्व का अवसर दिया। ओडिशा के चंद्रय मुर्मू तीसरे स्थान पर रहे।

महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में झारखंड की पृथ्वी ओरव ने 12.73 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता। नागालैंड की रुदुओलहौनुओं बेहो दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि झारखंड की पुतुल बास्की ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के दूसरे दिन के मुकाबलों ने यह साबित कर दिया कि देश के जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जिन्हें सही मंच मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar