
जगदलपुर। बस्तर के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नालंदा परिसर मिलने जा रहा है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित ‘नालंदा परिसर’ का भूमिपूजन किया।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि इस परिसर के निर्माण से बस्तर के छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और उन्हें बड़े शहरों की तरह सुविधाएं यहीं उपलब्ध होंगी। प्रदेश के 14 नगर निगम क्षेत्रों में इस तरह के नालंदा परिसर बनाए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा संसाधन मिल सकें।
करीब 11 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस परिसर में 500 सीटों की व्यवस्था होगी। साथ ही 24×7 अध्ययन सुविधा, वाई-फाई, स्मार्ट लाइब्रेरी, ई-बुक एक्सेस, पार्किंग और गार्डन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यहां सिविल सर्विस, मेडिकल, इंजीनियरिंग, CLAT और मैथ्स ओलंपियाड जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष अध्ययन सामग्री रखी जाएगी।
मंत्री ने युवाओं से समय का सही उपयोग कर अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षा का स्तर बढ़ाना और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
स्थानीय विधायक किरण देव ने कहा कि यह परिसर बस्तर के युवाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट से जोड़ते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के युवा अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगे।
कार्यक्रम में दिनेश कश्यप, खेमसिंह देवांगन, श्रीनिवास राव मद्दी, श्रीनिवास मिश्रा, निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




