तेहरान ने दी चेतावनी: बिजली संयंत्रों पर हमला किया तो होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह बंद, मिडिल-ईस्ट में तनाव बढ़ा

नई दिल्ली: अब्बास अराघची, अब्बास अराघची ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका के साथ बातचीत अब हमेशा के लिए खत्म हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमला न करने का आश्वासन देने के बावजूद अमेरिका ने धोखा दिया।
अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो में कहा, “अमेरिकियों के साथ बातचीत हमेशा के लिए खत्म हो गई है… हमला न करने के वादों के बाद यह एक कड़वा अनुभव और विश्वासघात है।” उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम ने तेहरान और वॉशिंगटन के बीच बची हुई कूटनीतिक गुंजाइश को भी समाप्त कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि बातचीत में काफी प्रगति होने के बावजूद अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई का रास्ता चुना, जिससे भरोसा गहरी ठेस पहुंची है। उनके मुताबिक, यह अनुभव इतना कड़वा है कि अब दोनों देशों के बीच विश्वास पूरी तरह खत्म हो चुका है।
इस बीच, मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव और बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान और अमेरिका दोनों ने एक-दूसरे के अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की चेतावनी दी है, जिससे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बनते दिख रहे हैं।
ईरान ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उसके बिजली संयंत्रों पर हमला किया गया, तो वह होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह बंद कर देगा। इससे वैश्विक तेल आपूर्ति और अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी सख्त रुख अपनाते हुए ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमले की चेतावनी दी है। इस बढ़ते टकराव ने मिडिल-ईस्ट में हालात को और ज्यादा गंभीर बना दिया है।




