
,,माई दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में प्रेस वार्ता, कलेक्टर, आईजी, एसपी सहित अधिकारियों ने दी जानकारी – देश-विदेश के धावकों को आमंत्रण,,
जगदलपुर। बस्तर की आराध्य देवी माई दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बस्तर मैराथन 2026 के भव्य आयोजन की जानकारी मीडिया के साथ साझा की गई। इस अवसर पर बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा, बस्तर आईजी सुंदरराज पी, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि बदलते और विकसित होते बस्तर की सकारात्मक तस्वीर को देश और दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से 22 मार्च 2026 को बस्तर मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। यह फुल मैराथन जगदलपुर से विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात तक आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थानीय युवाओं के साथ-साथ देश-विदेश के धावकों के शामिल होने की संभावना है।
मैराथन में ओपन कैटेगरी और बस्तर कैटेगरी भी रखी गई है, जिससे स्थानीय धावकों को भी बड़े पुरस्कार जीतने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन का उद्देश्य खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाना है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि इससे पहले आयोजित अबूझमाड़ पीस मैराथन को लोगों का भरपूर समर्थन और उत्साह मिला था। उसी सकारात्मक अनुभव के आधार पर अब बस्तर मैराथन 2026 को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का संदेश भी मजबूत करेगा।
आईजी ने क्षेत्र की जनता के साथ-साथ देश और विदेश के धावकों एवं पर्यटकों से इस मैराथन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि बस्तर अब सुरक्षित है और इसकी सुंदरता और संस्कृति को देखने-समझने के लिए लोगों को आगे आना चाहिए।
बस्तर मैराथन 2026 केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि बदलते बस्तर की सकारात्मक छवि, शांति और विकास के संदेश को दुनिया तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।




