बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से: लोकसभा में ओम बिरला हटाने के प्रस्ताव पर होगी चर्चा, भाजपा-कांग्रेस ने सांसदों को व्हिप जारी किया

नई दिल्ली, 7 मार्च 2026।
लोकसभा का बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होने जा रहा है और पहले दिन ही सदन में हंगामा देखने को मिल सकता है। विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा की मांग की है। इस प्रस्ताव पर सोमवार को चर्चा होने की संभावना है।
लोकसभा सचिवालय द्वारा 9 मार्च के लिए जारी कार्यसूची के अनुसार, उस दिन प्रश्नकाल के अलावा केवल इस प्रस्ताव से जुड़ी कार्यवाही शामिल होगी। कांग्रेस ने अपने सांसदों से कहा है कि वे इस दौरान सदन में मौजूद रहें। वहीं, भाजपा ने भी सांसदों को उपस्थित रहने का निर्देश जारी किया है।
संसद का बजट सत्र 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने सांसदों को 9 से 11 मार्च तक सदन में उपस्थित रहने के लिए 3-लाइन व्हिप जारी किया है।
विपक्ष ने स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव के लिए नोटिस दिया है। विपक्ष के 118 सांसदों ने इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस के 29 सांसदों ने हस्ताक्षर नहीं किए। आरोप है कि स्पीकर ने सदन की कार्यवाही में पक्षपात किया और विपक्ष के नेताओं को बोलने का पर्याप्त मौका नहीं दिया।
नियमों के अनुसार स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव साधारण बहुमत से पारित होता है। वर्तमान लोकसभा में एनडीए के पास लगभग 290 सांसदों का समर्थन है, इसलिए प्रस्ताव पारित होना मुश्किल है। चर्चा के दौरान स्पीकर खुद सदन की अध्यक्षता नहीं करेंगे, लेकिन अपने पक्ष को रखने और मतदान का अधिकार उन्हें रहेगा।
कार्यसूची के अनुसार, कांग्रेस सांसद मो जावेद, के. सुरेश और मल्लू रवि इस प्रस्ताव को पेश करेंगे। प्रस्ताव में आरोप लगाया गया है कि स्पीकर अक्सर विवादित मुद्दों पर सत्तापक्ष के साथ खड़े रहते हैं और विपक्ष के अधिकारों का संरक्षण नहीं करते।
सदन में प्रस्ताव पर चर्चा राजनीतिक गर्मी बढ़ा सकती है और पहले दिन ही हंगामे की आशंका जताई जा रही है।




