नेपाल में भीषण बाढ़ से तबाही, 105 भारतीय पर्यटकों समेत 300 से अधिक विदेशी लापता; बिहार के 8 जिलों में हाई अलर्ट

नेपाल/बिहार, 26 अगस्त 2026
नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आए तेज बहाव से घर, पुल-पुलिया और वाहन प्रभावित होने की खबर है। रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है।
रिपोर्ट में नेपाल पर्यटन बोर्ड के हवाले से बताया गया है कि 105 भारतीय पर्यटकों समेत 300 से अधिक विदेशी पर्यटक लापता हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी है और लापता लोगों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
384 यात्रियों के लापता होने की शुरुआती जानकारी
पर्यटन और ट्रैवल कंपनियों से मिले शुरुआती रिकॉर्ड के अनुसार, प्रभावित इलाकों से 384 यात्रियों के लापता होने की जानकारी मिली है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल बताए गए हैं।
लापता विदेशी पर्यटकों में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक शामिल होने की जानकारी दी गई है। ट्रैवल एजेंसियों, गाइड, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की मदद से आंकड़ों का सत्यापन किया जा रहा है।
13 जलविद्युत परियोजनाएं प्रभावित
बाढ़ के तेज बहाव से 13 जलविद्युत परियोजनाओं के प्रभावित होने की खबर है। कई स्थानों पर बांध, विद्युतगृह और पहुंच मार्गों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बाजारों और सीमा क्षेत्रों में खड़े कुछ वाहन भी पानी के तेज बहाव में बह गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए काठमांडू ट्रैफिक पुलिस ने रसुवा, नुवाकोट, चितवन और धादिंग जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की जानकारी दी है। नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
बिहार के 8 जिलों में हाई अलर्ट
नेपाल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बिहार के नेपाल सीमा से लगे 8 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्रभावित होने की आशंका वाले जिलों में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर शामिल हैं।
बाढ़ के संभावित असर को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को सतर्क मोड पर रखा गया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने गंडक नदी में करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की आशंका जताई है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक
नेपाल में बाढ़ से उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर बिहार में तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित जिलों को सतर्क रहने और बचाव एवं राहत की आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।
गंडक नदी से जुड़े इलाकों में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सीतामढ़ी, शिवहर और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री से की बात
रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेपाल में बाढ़ की स्थिति और बिहार में संभावित असर को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री से फोन पर चर्चा कर तैयारियों की जानकारी ली।
बिहार के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा देखते हुए एनडीआरएफ की टीमों को संवेदनशील जिलों में तैनात किए जाने और कोसी, गंडक तथा गंगा नदी के आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन लगातार जलस्तर और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




