छत्तीसगढ़जगदलपुर

बस्तर में सनसनीखेज खुलासा: दंतेश्वरी मंदिर से चोरी करने वाला आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार, नकली निकली सोने की चैन- बस्तर डगर

जगदलपुर। बस्तर की आस्था के केंद्र माने जाने वाले मां दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मंदिर से आभूषण चोरी करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान मोनू यादव (निवासी कोसमी, ओडिशा) के रूप में हुई है। वारदात के दिन मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी गतिविधियां कैद हो गई थीं। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और ओडिशा में दबिश देकर उसे पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।

नकली निकली चोरी की चैन

जांच में चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब पता चला कि सरस्वती माता और नारायण मूर्ति से चोरी की गई चैन असली सोने की नहीं बल्कि नकली थी। आरोपी इसे असली सोना समझकर चुरा ले गया था, लेकिन बेचने की कोशिश में उसे सच्चाई पता चली। इसके बाद वह ओडिशा में छिप गया।

पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस ने बताया कि मोनू यादव आदतन अपराधी है। वर्ष 2024 में वह गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद वह बस्तर क्षेत्र में रह रहा था और मौके की तलाश में था।

संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता

इस पूरे मामले में बोधघाट थाना, कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि कानून से बच पाना आसान नहीं है, चाहे आरोपी कितना भी शातिर क्यों न हो।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar