बस्तर के बकावंड में किसान सम्मेलन: होली से पहले किसानों को मिला आर्थिक संबल, सांसद महेश कश्यप ने दी जानकारी

बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड तहसील में आयोजित किसान सम्मेलन में किसानों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ़ दिखा। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद महेश कश्यप ने किसानों को होली से पहले बड़ी सौगात मिलने की जानकारी दी।
सांसद ने बताया कि राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत धान बेचने वाले किसानों को समर्थन मूल्य से ऊपर की अंतर राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। सम्मेलन में बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे और उन्होंने सरकार के इस फैसले पर आभार व्यक्त किया।
महेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत करीब 10 हजार करोड़ रुपये की अंतर राशि एकमुश्त किसानों के खातों में जमा की गई है, जिससे सीधे आर्थिक लाभ हुआ।
सांसद ने यह भी बताया कि बीते दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत अब तक 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को दी जा चुकी है। उन्होंने इसे किसानों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
सम्मेलन में पूर्व डॉ. शुभाऊ कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि होली से पहले मिली यह राशि उनके लिए बड़ी राहत और आर्थिक सहारा साबित होगी।




