जगदलपुर में कृषक उन्नति योजना: 40 हजार से अधिक किसानों के खातों में 205.95 करोड़ की राशि हस्तांतरित

जगदलपुर, 28 फरवरी 2026: राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत जिले के किसानों की झोली खुशियों से भर दी। वीर सावरकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में 40,667 किसानों को 205.95 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किए गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 25 लाख किसानों के खाते में 10,328 करोड़ रुपये से अधिक राशि हस्तांतरित की। इस दौरान जगदलपुर कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और विधायक किरण सिंह देव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतर राशि को एकमुश्त देकर किसानों की होली की खुशियां दोगुनी कर दी गई हैं। उन्होंने बस्तर में दुग्ध उत्पादन, लघु वनोपज संग्रहण और महिला स्व सहायता समूहों को समर्थन देने की पहल की जानकारी दी।
स्थानीय विधायक किरण देव ने किसानों को होली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार के किसान हितैषी निर्णय से परिवारों में उत्सव का माहौल है।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर के अनुसार मोटा धान पर 731 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि किसानों के खाते में ट्रांसफर की गई। सबसे अधिक लाभ बकावण्ड और बस्तर ब्लॉक के किसानों को मिला, जहां क्रमशः 67.90 करोड़ और 55.78 करोड़ रुपये सीधे खातों में अंतरित किए गए।
कार्यक्रम में जगदलपुर महापौर संजय पांडे, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कृषि स्थायी समिति अध्यक्ष कामदेव बघेल, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




