IND vs ZIM: एक छक्का और… 300 क्लब में एंट्री करेंगे ईशान किशन, ‘करो या मरो’ मैच में इतिहास रचने का मौका

चेन्नई में आज खेले जाने वाले भारत-जिम्बाब्वे मुकाबले में सबकी नजर युवा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन पर रहेगी। सुपर-8 का यह मैच टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने वाला ‘करो या मरो’ मुकाबला है, लेकिन साथ ही किशन के लिए भी ऐतिहासिक पल बन सकता है।
बस एक छक्का दूर ‘300 सिक्स क्लब’
टी20 क्रिकेट में किशन अब तक 225 मैचों में 299 छक्के जड़ चुके हैं। यानी जिम्बाब्वे के खिलाफ एक और सिक्स लगाते ही वह 300 छक्कों का आंकड़ा छू लेंगे और दिग्गजों की खास सूची में शामिल हो जाएंगे।
भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा छक्के
- रोहित शर्मा – 547 सिक्स (463 मैच)
- विराट कोहली – 435 सिक्स (414 मैच)
- सूर्यकुमार यादव – 415 सिक्स (356 मैच)
- संजू सैमसन – 375 सिक्स (326 मैच)
- एमएस धोनी – 350 सिक्स (405 मैच)
अब ईशान भी इस एलीट क्लब में कदम रखने से सिर्फ एक शॉट दूर हैं।
टी20 विश्व कप 2026 में शानदार फॉर्म
टी20 विश्व कप 2026 में किशन अब तक 5 मैचों में 176 रन बना चुके हैं। उनके बल्ले से 19 चौके और 11 छक्के निकले हैं। आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने टीम को तेज शुरुआत दिलाई है।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में अगर किशन का बल्ला चला, तो न सिर्फ भारत की सेमीफाइनल राह आसान होगी, बल्कि वह अपने करियर का एक यादगार मुकाम भी हासिल कर लेंगे।




