छत्तीसगढ़बस्तरबस्तर संभागशिक्षा एवं रोजगार

जोन स्तरीय एफएलएन समीक्षा बैठक सम्पन्न, बस्तर में बुनियादी शिक्षा को सशक्त बनाने पर हुआ मंथन


बस्तर।
बस्तर विकासखंड में जोन स्तरीय एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार एवं सीखने के परिणामों को और बेहतर बनाना रहा। बस्तर ब्लॉक को आठ जोनों में विभाजित कर यह समीक्षा प्रक्रिया संपन्न की गई, जिसमें मधोता जोन के अंतर्गत संकुल बोडनपाल, लामकेर, सालेमेटा, रोतमा, खड़का, कुंडगुड़ा एवं बड़ेचकवा को शामिल किया गया।
समीक्षा बैठक में कक्षा पहली, दूसरी एवं तीसरी के विद्यार्थियों के लिए भाषा और गणित विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। शिक्षकों द्वारा शिक्षण-अधिगम के दौरान सामने आ रही व्यवहारिक चुनौतियों, उनके समाधान तथा कक्षा शिक्षण में अपनाए जा रहे नवाचारों को साझा किया गया। बैठक में मास्टर ट्रेनर पुरुषोत्तम पटेल, संकुल समन्वयक कृष्णा सिंह ठाकुर, हरदेव बघेल तथा एलएलएफ से ईश्वर साहू की सक्रिय उपस्थिति रही।
जोन घाटलोहंगा में आयोजित समीक्षा बैठक का अवलोकन जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, जिला मिशन समन्वयक अशोक पांडे, खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती देवांगन एवं बीआरसी अजम्बर कोरार्म द्वारा किया गया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने एफएलएन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए शिक्षकों से सीधा संवाद किया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने शिक्षकों को समय-सीमा के भीतर वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप में पंजीयन पूर्ण करने, प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करने, छात्रवृत्ति से जुड़े कार्य एवं अपार आईडी निर्माण की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एफएलएन कार्यक्रम की सफलता शिक्षक की सक्रिय भागीदारी और नियमित निगरानी पर निर्भर करती है।

जोन स्तरीय एफएलएन समीक्षा बैठक ने यह स्पष्ट किया कि बस्तर जिले में बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के लिए प्रशासन, शिक्षक और शैक्षणिक समन्वयकों के संयुक्त प्रयास लगातार जारी हैं। आने वाले समय में इन प्रयासों से प्राथमिक स्तर पर बच्चों की भाषा और गणितीय दक्षता में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar