दो स्थानों पर पैरावट में लगी आग पर अग्निशमन दल ने पाया काबू

जगदलपुर, 12 दिसम्बर 2025। जिले के बकावंड और नगरनार थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को पैरावट (पुआल के ढेर) में लगी आग की दो अलग-अलग घटनाओं पर नगर सेना एवं जिला अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई कर बड़ी दुर्घटना टाल दी। दोनों स्थानों पर दल की तत्परता और समय रहते पहुंची दमकल गाड़ियों ने आग को फैलने से रोकते हुए हालात को पूरी तरह नियंत्रित किया।
जिला नगर सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार मार्बल ने बताया कि पहली घटना बकावंड थाना क्षेत्र के ग्राम जैतगिरी, पुजारी पारा में हुई, जहाँ ग्रामीण लकी नारायण के घर में रखे पैरावट में अचानक आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही विभाग ने एक दमकल वाहन को तुरंत रवाना किया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से राहत-बचाव कार्य शुरू किया और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को घर और आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया।
इसके बाद नगरनार थाना क्षेत्र से भी पैरावट में आग लगने की दूसरी सूचना प्राप्त हुई। यहां भी विभाग की टीम ने बिना विलम्ब के दमकल वाहन भेजा। अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया और पूरी मुस्तैदी के साथ आग बुझाने का कार्य किया। थोड़ी ही देर में आग को नियंत्रित कर लिया गया और संभावित नुकसान टल गया।
दोनों ही घटनाओं में अग्निशमन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया, कर्मियों की सतर्कता और समय पर पहुंची दमकल गाड़ियों ने बड़ी दुर्घटनाओं को होने से बचा लिया। स्थानीय लोगों ने भी विभाग की तत्परता की सराहना की।
—




