जगदलपुर में बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : ऑनलाइन ठगी गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार, 11.65 लाख की धोखाधड़ी का पर्दाफाश

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की है। झारखंड से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से ठगों के नेटवर्क को तोड़ने में अहम सफलता मिली है।
मामला जगदलपुर निवासी देवांश कुमार बजाज से जुड़ा है। साइबर ठगों ने नायका कंपनी की फर्जी वेबसाइट बनाकर फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा दिया और 11 लाख 65 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर रेंज साइबर थाना जगदलपुर में अपराध दर्ज किया गया था।
एसपी बस्तर शलभ सिंहा ने बताया कि जांच के बाद विशेष टीम झारखंड के रांची पहुंची, जहां से आयुष कुमार राय, नीतीश कुमार, रॉकी कुमार, धर्मेंद्र उर्फ धीरज और रेड रोज उर्फ गोरेलाल को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले इस नेटवर्क से जुड़े आरोपी गोपाल कुमार शर्मा को पटना से पकड़ा जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी म्यूल अकाउंट खोलकर ठगी के पैसों का ट्रांजेक्शन करते थे। गिरोह से और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।




