बस्तर दशहरा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को आमंत्रण, 4 अक्टूबर को मुरिया दरबार में जनता की बात सुनेंगे


बस्तर। बस्तर दशहरा और मुरिया दरबार की ऐतिहासिक परंपरा को जीवित रखने के उद्देश्य से बस्तर सांसद एवं दशहरा समिति अध्यक्ष महेश कश्यप के नेतृत्व में दशहरा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को स्नेहपूर्ण आमंत्रण दिया। आमंत्रण के अवसर पर गृह मंत्री को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया और आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी का छायाचित्र भेंट किया गया। अमित शाह ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए समिति का धन्यवाद ज्ञापित किया और बस्तरवासियों को विश्वप्रसिद्ध दशहरे की शुभकामनाएं दी।
मुरिया दरबार का आयोजन 4 अक्टूबर को सिरहासार भवन में किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश मंत्रिमंडल के मंत्री, बस्तर संभाग के जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नेता उपस्थित रहेंगे। राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है जब केंद्रीय गृह मंत्री बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार में जनता की बात सीधे सुनेंगे। इस दौरान मिशन 2026 के तहत नक्सल उन्मूलन अभियान पर भी विस्तृत चर्चा की जाएगी।
मुरिया दरबार की ऐतिहासिक परंपरा 8 मार्च 1876 से शुरू हुई थी। यह जनता और तत्कालीन राजा के बीच सीधे संवाद का प्रमुख माध्यम रहा। आज यह परंपरा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों तक समस्याओं और सुझावों को पहुँचाने का महत्वपूर्ण जरिया बनी हुई है।
इस बार यह अवसर और भी विशेष है क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री पहली बार मुरिया दरबार में उपस्थित होकर मांझी-चालकी द्वारा प्रस्तुत समस्याओं और सुझावों को प्रत्यक्ष रूप से सुनेंगे। इस अवसर पर बस्तर सांसद एवं दशहरा समिति अध्यक्ष महेश कश्यप, उपाध्यक्ष बलराम कश्यप, तथा मांझी-चालकी गण मंगलू ठाकुर, बिरोसिंग, डमरू राम और कुहरामी चालकी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




