बस्तर: शासकीय हाई स्कूल पंडरीपानी में 40वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा संपन्न


बस्तर, 08 सितंबर 2025। जिले में 25 अगस्त से शुरू हुए 40वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा का समापन सोमवार को शासकीय हाई स्कूल पंडरीपानी में हुआ। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के अधीन अंधत्व निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. वीरेंद्र ठाकुर, हाई स्कूल की प्राचार्य शोभना मिश्रा और सेक्टर सुपरवाइजर प्रशांत श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आसना के नेत्र सहायक अधिकारी दयानंद पटेल ने नेत्रदान के महत्व और भारत की स्थिति पर प्रकाश डाला। उन्होंने अंधत्व निवारण कार्यक्रम की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए और अधिक कार्य किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस मौके पर विद्यालय में चित्रकला, निबंध और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तितिरगांव की नेत्र सहायक अधिकारी गरिमा मरई, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की नेत्र सहायक अधिकारी अनीता मरकाम और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिरिया के नेत्र सहायक अधिकारी रयमन बघेल भी मौजूद रहे।




