जगदलपुर में सेजस अलनार स्कूल के बच्चों ने हर घर तिरंगा रैली से जगाई देशभक्ति की लौ

जगदलपुर, 12 अगस्त 2025। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सेजस अलनार स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को हर घर तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति का जज्बा प्रदर्शित किया। हाथों में तिरंगा लिए नन्हें कदमों से निकली इस रैली में बच्चों ने देशभक्ति के नारे लगाए और पूरे क्षेत्र में एकता व गर्व का संदेश फैलाया।
रैली का आयोजन विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया, जिन्होंने बच्चों में देश प्रेम की भावना को जागृत करने में अहम भूमिका निभाई। तिरंगे के रंगों में सजे बच्चों ने आस-पास की गलियों और घरों में जाकर नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसके महत्व के प्रति प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय कोर्राम ने बताया कि रैली का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्र के प्रति प्रेम, सम्मान और एकता की भावना को प्रबल करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश की विरासत और स्वतंत्रता के महत्व को समझें। रैली के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक स्वर में ‘जय हिंद’ का उद्घोष कर भारत माता को नमन किया।




