बम्बूर तालाब में वन मंत्री ने किया निरीक्षण और श्रमदान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश



30 लाख की लागत से बन रहा बम्बूर तालाब, मंत्री केदार कश्यप ने निर्माण कार्य की ली समीक्षा


नारायणपुर, 21 जून 2025 —
प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, सहकारिता, कौशल विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने आज नारायणपुर के वार्ड क्रमांक 13, कुम्हारपारा स्थित बम्बूर तालाब के अधोसंरचना निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। लगभग 30 लाख रुपए की लागत से तालाब में रिटेनिंग वॉल, पचरी निर्माण सहित अन्य कार्य किए जा रहे हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को तय समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तालाब की सफाई में खुद श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस मुहिम में अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक भी शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने तालाब किनारे करंजी का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री कश्यप ने कहा, “सरकार की प्राथमिकता जल संसाधनों का संरक्षण और प्राकृतिक सौंदर्य को संवारना है। बम्बूर तालाब का विकास न केवल स्थानीय लोगों को लाभ देगा, बल्कि यह क्षेत्र का आकर्षण केंद्र भी बनेगा।”
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक रूपसाय सलाम, संध्या पवार, गौतम एस. गोलचा, प्रताप सिंह मंडावी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशीष कोर्राम समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।




