छुरा के चरौदा गांव में डकैती की बड़ी वारदात, व्यापारी परिवार को बनाया बंधक

छुरा के चरौदा गांव में डकैती की बड़ी वारदात, व्यापारी परिवार को बनाया बंधक
गरियाबंद। जिले के छुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चरौदा गांव में शनिवार रात एक बड़ी डकैती की घटना सामने आई है। 7 से 8 नकाबपोश हथियारबंद डकैतों ने व्यापारी सूर्यकांत अग्रवाल के घर धावा बोलते हुए पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करीब 15 लाख रुपए की लूट को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात लगभग 9 बजे डकैत घर की लोहे की ग्रिल का ताला तोड़कर अंदर घुसे। इस दौरान उन्होंने व्यापारी सूर्यकांत अग्रवाल, उनके माता-पिता और परिजनों को एक कमरे में बंद कर दिया। डकैतों ने सूर्यकांत और उनकी मां के गले पर चाकू अड़ाकर जेवर और नकदी की मांग की। इसके बाद सभी के हाथ-पैर और मुंह प्लास्टिक टेप से बांध दिए गए।
डकैत घर से करीब 40 तोला सोना और 3.5 लाख रुपए नकद लेकर भाग निकले। जाते समय वे घर के सभी मोबाइल फोन भी साथ ले गए, लेकिन एक फोन गद्दे के नीचे छूट गया। उसी फोन के माध्यम से व्यापारी के छोटे भाई शशिकांत अग्रवाल को घटना की जानकारी दी गई, जिन्होंने तत्काल छुरा पुलिस को सूचना दी।
पुलिस रात लगभग 3 बजे घटनास्थल पर पहुंची और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। डॉग स्क्वॉड की मदद से पुलिस ने कमारपारा की ओर लगभग 500 मीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जो महासमुंद रोड की दिशा में जाता है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि डकैत उसी रास्ते से फरार हुए होंगे।
परिजनों ने डकैती में 40 तोला सोना और 3.5 लाख नकद की जानकारी दी है। एफआईआर में लूट की कुल राशि 15 लाख रुपए दर्शाई गई है, जिसमें जेवरातों का अनुमानित मूल्य शामिल है। पुलिस ने अज्ञात डकैतों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।