सलमान खान – करीना कपूर की जोड़ी फिर होगी साथ, 12 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की चर्चा

मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी की तैयारी में हैं। खबर है कि वह मशहूर डायरेक्टर जोड़ी राज और डीके के एक बड़े प्रोजेक्ट में नजर आ सकते हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में उनके साथ करीना कपूर की जोड़ी भी देखने को मिल सकती है।
करीना ने दिखाई दिलचस्पी
सूत्रों के मुताबिक, सलमान खान ने खुद करीना कपूर से इस प्रोजेक्ट को लेकर बात की है। बताया जा रहा है कि करीना ने फिल्म में रुचि दिखाई है और मौखिक सहमति भी दे दी है, हालांकि अभी आधिकारिक ऐलान होना बाकी है। इससे पहले इस रोल के लिए साउथ एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु का नाम भी सामने आया था।
12 साल बाद वापसी करेगी सुपरहिट जोड़ी
अगर यह प्रोजेक्ट फाइनल होता है, तो सलमान और करीना करीब 12 साल बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। दोनों इससे पहले ‘क्योंकि’, ‘मैं और मिसेज खन्ना’, ‘बॉडीगार्ड’ और बजरंगी भाईजान जैसी हिट फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। 2015 के बाद यह उनकी पहली साथ में फिल्म होगी।
कब शुरू होगी शूटिंग?
रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान फिलहाल डायरेक्टर वामशी पैडिपल्ली के प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं। इसके पूरा होने के बाद वह अक्टूबर-नवंबर 2026 तक इस नई फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं। फिल्म के 2027 में रिलीज होने की संभावना जताई जा रही है।



