टैलेंट तिहार में दिव्यांशी चंदेल ने जीता प्रथम स्थान, इच्छापुर का बढ़ाया गौरव

बस्तर,3 सितंबर 2026
जिला स्तरीय टैलेंट तिहार में बस्तर विकासखंड के माध्यमिक शाला इच्छापुर-2 की कक्षा 3 की छात्रा कुमारी दिव्यांशी चंदेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल नृत्य प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
दिव्यांशी ने ‘बस्तरहीन बाला पहिने रुपया माला’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। जिला स्तरीय मंच पर पहली बार प्रस्तुति देते हुए हासिल की गई यह सफलता इच्छापुर गांव के लिए गौरव का विषय बनी है।
दिव्यांशी की इस उपलब्धि में उनके पिता मुन्ना सिंह चंदेल, माता वैदेही चंदेल, शिक्षिका श्रीमती लेचित्रा कश्यप और प्रभारी शिक्षक महेंद्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन के साथ संकुल समन्वयक मन्नूराम नेताम सहित सोनसिंह नाग, रविंद्र सिंह ठाकुर, लोकनाथ यादव और शंकरलाल धुर्वे का सहयोग रहा।
गांव की सरपंच श्रीमती असेल कश्यप और उपसरपंच बुदरू कश्यप ने छात्रा की उपलब्धि पर शाला परिवार और दिव्यांशी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दिव्यांशी की सफलता पूरे इच्छापुर गांव के लिए गर्व की बात है। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।





