छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में तकनीकी वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने बनेगी व्यापक कार्ययोजना, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

रायपुर, 01 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ में तकनीकी वस्त्र (Technical Textile) उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्य सचिव श्री विकासशील ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत राज्य शासन के ग्रामोद्योग विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग की संभावनाओं के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव ने कहा कि तकनीकी वस्त्र उद्योग के लिए प्रदेश में शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास को बढ़ावा देना आवश्यक है। इसके लिए शैक्षणिक एवं तकनीकी शिक्षण संस्थाओं से आवश्यक सहयोग लेकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारियों ने राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत शिक्षा, प्रशिक्षण, कौशल विकास, बाजार विकास, अनुसंधान, नवाचार और विकास से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया।

इस दौरान तकनीकी वस्त्र क्षेत्र के विभिन्न संभावित क्षेत्रों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में एग्रो टेक्सटाइल, मेडिकल टेक्सटाइल, कंस्ट्रक्शन टेक्सटाइल, स्मार्ट टेक्सटाइल और स्पोर्ट्स होम एवं क्लॉथ के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रदेश में तकनीकी वस्त्र क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार किया जाए। इसके लिए तकनीकी शिक्षण संस्थानों और विश्वविद्यालयों की विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए प्रशिक्षण एवं कौशल विकास को मजबूत करने पर काम किया जाएगा।

साथ ही अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देकर तकनीकी वस्त्र क्षेत्र में नए उत्पादों और तकनीकों के विकास की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। बाजार विकास के माध्यम से प्रदेश में तैयार होने वाले तकनीकी वस्त्र उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

बैठक में ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्री राजेश सिंह राणा सहित उद्योग एवं वाणिज्य, तकनीकी शिक्षा, एनआईटी एवं कौशल विकास, उच्च शिक्षा एवं विश्वविद्यालय के तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने प्रदेश में तकनीकी वस्त्र उद्योग के विकास, शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान, नवाचार और बाजार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव दिए।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar