छत्तीसगढ़

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद CBI की बड़ी कार्रवाई, म्यूल अकाउंट और हवाला नेटवर्क का हुआ खुलासा

रायपुर,14 नवम्बर 2026

महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी ने देश के छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई महादेव सट्टा एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी और जांच में सामने आए डिजिटल सबूतों के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान सट्टेबाजी के कई लाइव पैनल चलते हुए मिले, जिन्हें CBI ने ध्वस्त कर दिया।

डिजिटल उपकरण और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त

CBI की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में महादेव एप के पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी से प्राप्त रकम को म्यूल अकाउंट यानी दूसरों के नाम पर खोले गए बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए इधर-उधर किया जा रहा था। इन माध्यमों से सट्टेबाजी की कमाई को छिपाकर विदेश भेजने का नेटवर्क संचालित होने की जानकारी मिली है।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

महादेव एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कराकर CBI ने 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद रायपुर स्थित CBI मामलों की विशेष अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था।

पूछताछ के दौरान चंद्राकर ने भारत में फैले अपने पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क और उसके काम करने के तरीके से जुड़ी जानकारी दी। जांच एजेंसी ने उसे डिजिटल साक्ष्यों का सामना भी कराया। पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद 12 नवंबर को अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

विदेश से संचालित हो रहा था सट्टेबाजी का सिंडिकेट

राज्य सरकार से मामला ट्रांसफर होने के बाद CBI ने महादेव सट्टा मामले में दो FIR दर्ज की हैं। जांच में पता चला है कि इस सिंडिकेट का मुख्य कार्यालय विदेश में है, जबकि भारत में इसे पैनल ऑपरेटरों के बड़े नेटवर्क के जरिए संचालित किया जाता है।

ये पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते हैं और दूसरों के नाम पर खोले गए बैंक खातों में सट्टेबाजी की रकम जमा कराते हैं। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए मुनाफे को विदेश भेजा जाता है।

रवि उप्पल समेत फरार आरोपितों पर शिकंजा

CBI अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों, विदेश में बैठे लोगों, उनके मददगारों और कथित रूप से संलिप्त लोक सेवकों की भूमिका की जांच कर रही है। एजेंसी फरार आरोपितों रवि उप्पल, शुभम सोनी और विकास छाबरिया समेत अन्य लोगों के प्रत्यर्पण की कोशिश भी तेज कर रही है।

CBI ने आम लोगों को किया सतर्क

जांच एजेंसी ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी गैरकानूनी है। किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान पत्र किराए पर देना आपराधिक कृत्य हो सकता है। ऐसा करने पर संबंधित खाताधारक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

छह राज्यों में हुई इस कार्रवाई को महादेव सट्टा नेटवर्क के खिलाफ CBI की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। जांच एजेंसी अब इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े लोगों और विदेशों तक फैले वित्तीय नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar