बस्तर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका: शासकीय आईटीआई जगदलपुर में प्रवेश के लिए दोबारा खुला ऑनलाइन पोर्टल

जगदलपुर, 17 जुलाई 2026
बस्तर के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा हासिल करने का शानदार अवसर है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) जगदलपुर में सत्र 2026-27 एवं 2026-28 के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल एक बार फिर खोल दिया गया है।
संस्था के प्राचार्य ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 24 जुलाई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल या छत्तीसगढ़ के किसी भी लोक सेवा केंद्र (च्वाइस सेंटर) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत छात्र डीसीएम (छमाही कोर्स), कोपा, स्टेनो हिन्दी, वेल्डर (एक वर्षीय कोर्स) तथा विद्युतकार, फिटर और एमएमव्ही (द्विवर्षीय कोर्स) जैसे ट्रेडों में प्रवेश ले सकते हैं।
एनआईसी द्वारा 25 जुलाई को मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद चतुर्थ चरण की चयन सूची के आधार पर 26 जुलाई से 30 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया चलेगी। वहीं पंचम चरण की चयन सूची 31 जुलाई को जारी होगी, जिसके तहत 2 अगस्त तक प्रवेश लिया जाएगा। इसके बाद षष्ठम एवं अंतिम चरण की चयन सूची के अनुसार 3 अगस्त से 5 अगस्त तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि पूर्व में प्रवेश ले चुके अभ्यर्थी इस नए चरण की काउंसलिंग में भाग लेते हैं और उन्हें नई सीट आवंटित होती है, तो उनकी पुरानी सीट स्वतः निरस्त हो जाएगी।
प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, जगदलपुर के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।



