देश-विदेश

बिसलेरी विवाद के बाद सरकार का बड़ा फैसला, देशभर में सभी बोतलबंद पानी के ब्रांडों की होगी गुणवत्ता जांच

नई दिल्ली,23 नवम्बर 2026

बिसलेरी के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल को लेकर उठे विवाद के बीच सरकार ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। अब देशभर में सभी बोतलबंद पानी के ब्रांडों की गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच की जाएगी। यह कदम भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) और बिसलेरी इंटरनेशनल के बीच हुए विवाद के बाद उठाया जा रहा है।

दरअसल, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड को उस मामले में बड़ी राहत मिली है, जिसमें कंपनी के पानी के एक सैंपल को शुरुआती जांच में असुरक्षित घोषित किया गया था। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, बाद में कराई गई जांच में बिसलेरी के संबंधित सैंपल खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए हैं।

सितंबर 2025 के बैच से जुड़ा था मामला

बिसलेरी के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित कंपनी की यूनिट में तैयार किए गए एक बैच से संबंधित है। FSSAI ने इस बैच के छह नमूने लिए थे, जिनमें से पांच निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे, जबकि एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक पाई गई थी।

कंपनी ने शुरुआती जांच के नतीजों को चुनौती देते हुए अपील की थी। इसके बाद नमूने को रेफरल लैब में जांच के लिए भेजा गया। बिसलेरी के अनुसार, वहां ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया, हालांकि जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई।

स्वतंत्र जांच में भी ब्रोमेट तय सीमा के भीतर

बिसलेरी ने दावा किया कि FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब में उसी नमूने की स्वतंत्र जांच कराई गई, जिसमें भी ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। कंपनी ने बताया कि उसने फरवरी 2026 में जांच के नतीजे नियामक को सौंप दिए थे।

कंपनी का कहना है कि इसके बाद उसे कोई अतिरिक्त सूचना या नोटिस नहीं मिला। बिसलेरी ने स्पष्ट किया है कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी।

देशभर के बोतलबंद पानी के ब्रांडों की होगी जांच

रिपोर्ट के मुताबिक, बिसलेरी के पानी की गुणवत्ता को लेकर सामने आए विवाद के बाद अधिकारी अब देशभर में पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांडों की जांच करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य बाजार में बिकने वाले बोतलबंद पानी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच करना है।

अन्य खाद्य कंपनियों पर भी FSSAI की कार्रवाई

बिसलेरी को इस मामले में राहत मिलने के बावजूद FSSAI का प्रवर्तन अभियान जारी है। प्राधिकरण ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने पर उर्मि लाइफसाइंसेज LLP और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। वहीं, आशा कन्फेक्शनरी को असुरक्षित पाई गई प्री-पैकेज्ड चॉकलेट-भरी कुकीज बाजार से वापस मंगाने का निर्देश दिया गया है।

अब देशभर में बोतलबंद पानी के ब्रांडों की जांच से साफ होगा कि कंपनियां उपभोक्ताओं को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्धारित मानकों का कितना पालन कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar