बस्तर न्यूज़ अपडेट: शिक्षा मंत्री का दौरा, 8 परिवारों को बिजली का इंतजार; रिश्वत लेते BEO गिरफ्तार, बस्तर ओलंपिक की तैयारी तेज

बस्तर,3 सितंबर 2026
बस्तर संभाग में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा, बिजली की समस्या, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, खेल प्रतिभाओं को मंच और विस्थापित परिवारों के पट्टे से जुड़े कई अहम मामले सामने आए हैं।
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तीन दिवसीय बस्तर दौरे पर हैं। बीजापुर से दौरे की शुरुआत के बाद उन्होंने जगदलपुर के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय किलेपाल का औचक निरीक्षण किया। छात्राओं से पढ़ाई, भोजन, स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर सीधे संवाद किया गया। विषय शिक्षकों की कमी पर दिसंबर में होने वाली भर्ती में प्राथमिकता से पदस्थापना का आश्वासन दिया गया। छात्राओं के लिए बैडमिंटन और बास्केटबॉल कोर्ट बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चित्रकोट क्षेत्र के खरियागुड़ा पारा में आठ परिवार आज भी बिजली का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग और बरसात में सुरक्षा जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। बिजली विभाग ने विद्युतीकरण का स्टीमेट तैयार कर डिवीजन कार्यालय भेज दिया है, लेकिन स्वीकृति का इंतजार है।
सुकमा के कोंटा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने खंड शिक्षा अधिकारी चंद्र कुमार यारदा को कथित तौर पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि एक शिक्षिका के करीब 16 लाख रुपये के लंबित एरियर्स का बिल आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की।
बस्तर में बस्तर ओलंपिक 2026-27 की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। संभाग के सातों जिलों में 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। खिलाड़ियों के लिए पंजीयन 1 से 30 अक्टूबर तक होगा। इसके बाद ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचानना और आगे बढ़ाना है।
वहीं, बीजापुर में वर्ष 2005 की नक्सली हिंसा से विस्थापित परिवार करीब दो दशक बाद भी स्थायी राजस्व पट्टे का इंतजार कर रहे हैं। परिवारों ने नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर पट्टा देने और बेदखली की कार्रवाई रोकने की मांग की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम SDM को ज्ञापन सौंपा गया।




