छत्तीसगढ़

नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने मिशन मोड में करें कार्रवाई: विजय शर्मा

रायपुर, 13 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को मिशन के रूप में संचालित करने पर जोर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि नशे के निर्माण, बिक्री, परिवहन, भंडारण और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को प्रभावी ढंग से तोड़ा जाए

कबीरधाम जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, कवर्धा में एनडीपीएस एक्ट से संबंधित राजनांदगांव रेंज स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव, पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव सहित रेंज के पुलिस अधिकारी एवं विवेचना अधिकारी मौजूद रहे।

सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित न रहे कार्रवाई

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि एनडीपीएस के मामलों में कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। विवेचना इस स्तर की होनी चाहिए कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को न्यायालय से प्रभावी ढंग से दोषसिद्ध कराया जा सके

उन्होंने कहा कि गवाहों की अनुपस्थिति जैसी परिस्थितियों में भी वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का बेहतर उपयोग कर प्रकरण को मजबूत बनाया जाए। प्रत्येक विवेचना अधिकारी द्वारा साक्ष्य संकलन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंचे पुलिस

कार्यशाला में आईजी राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव ने एनडीपीएस प्रकरणों में प्रभावी विवेचना, साक्ष्य संकलन और दोषसिद्धि से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके लोकेशन, संपर्क और आवागमन की तस्दीक की जाए। यह पता लगाया जाए कि नशीला पदार्थ कहां से आया और कहां तक पहुंचाया जाना था।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल सामने मौजूद आरोपी तक सीमित न रखते हुए पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों तक पहुंचना और तस्करी की चैन को समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

एनडीपीएस के खिलाफ कार्रवाई देश और समाज की सेवा

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह देश, समाज, युवाओं और आने वाली पीढ़ी की सेवा है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जहां नशीले पदार्थों से संबंधित अवशेष अथवा गतिविधियों की जानकारी मिले, वहां उसकी तस्दीक कराई जाए और सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर सीसीटीवी कैमरों सहित आधुनिक तकनीकी साधनों का इस्तेमाल किया जाए।

गांजा तस्करी के स्रोतों की पहचान पर जोर

श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के कई मामलों में अन्य राज्यों से जुड़े स्रोत सामने आए हैं। सरकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से गांजे की अवैध खेती और तस्करी के स्रोतों की पहचान करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से कहा कि एनडीपीएस के खिलाफ कार्रवाई को रूटीन काम न मानकर मिशन के रूप में लिया जाए। अपने-अपने क्षेत्र को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त कराने के लिए ठोस और सकारात्मक परिणाम सामने लाने की दिशा में काम किया जाए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

कार्यशाला के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इन अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र कुमार यादव ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यशाला से प्राप्त मार्गदर्शन को पुलिस अधिकारी एवं विवेचना अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करेंगे और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar