
जगदलपुर, 19 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में राशनकार्ड में दर्ज सदस्यों का ई-केवाईसी सत्यापन 30 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा कराना होगा। निर्धारित समय-सीमा में सत्यापन नहीं कराने और सत्यापन के दौरान सदस्य के नहीं पाए जाने पर संबंधित नाम राशनकार्ड डेटाबेस से निरस्त किए जा सकते हैं। जिला प्रशासन ने शेष सदस्यों का सत्यापन समय पर पूरा कराने के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।
कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, नवा रायपुर के निर्देशों के अनुरूप यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने राशनकार्ड हितग्राहियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपनी संबंधित उचित मूल्य दुकान या निर्धारित केंद्र पर पहुंचकर ई-केवाईसी सत्यापन अवश्य कराएं।
जिले में वर्तमान में विभिन्न विकासखंडों और नगरीय निकायों को मिलाकर कुल 72,133 सदस्यों का ई-केवाईसी सत्यापन लंबित है। इनमें बकावंड में 14,492, बस्तर जनपद में 13,734, जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में 13,052 और जगदलपुर ग्रामीण क्षेत्र में 9,413 सदस्यों का सत्यापन बाकी है।
इसके अलावा लोहण्डीगुड़ा में 6,266, तोकापाल में 5,844, दरभा में 4,202, बास्तानार में 4,196 और नगर पंचायत बस्तर में 934 सदस्यों का ई-केवाईसी सत्यापन लंबित है।
प्रशासन ने अभियान को समय-सीमा में पूरा कराने के लिए विकासखंड और नगरीय निकायवार अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। संबंधित अधिकारियों को अपने प्रभार क्षेत्र में उपस्थित रहकर कार्य की निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
राशनकार्ड हितग्राही 30 अक्टूबर से पहले ई-केवाईसी जरूर कराएं, ताकि सत्यापन संबंधी परेशानी से बचा जा सके और राशन प्राप्त करने में भविष्य में किसी तरह की असुविधा न हो।




