छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के 176 मरीज, 45 एक्टिव; रायपुर में 73 मामले, स्वास्थ्य विभाग ने सतर्क रहने कहा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 3 सितंबर तक प्रदेश में 15 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही इस साल अब तक स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 176 हो गई है।
इनमें से 131 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि प्रदेश में फिलहाल 45 सक्रिय मरीज हैं। सक्रिय मरीजों में 34 अस्पतालों में भर्ती हैं और 11 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर उपचार करा रहे हैं।
रायपुर में सबसे ज्यादा नए मरीज
3 सितंबर को सामने आए 15 नए मामलों में सबसे ज्यादा रायपुर में 7 मरीज मिले हैं। इसके अलावा दुर्ग में 5, जबकि कोरबा, महासमुंद और राजनांदगांव में एक-एक नए मरीज की पुष्टि हुई है।
रायपुर में सात नए मामलों के साथ अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 73 हो गई है। दुर्ग में कुल 22, बिलासपुर में 20, कोरबा में 11 और रायगढ़ में 10 मरीज सामने आ चुके हैं।
इन जिलों में भी मिले मरीज
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार धमतरी में 9, राजनांदगांव में 5, जबकि बस्तर, बेमेतरा और महासमुंद में 3-3 मरीज मिले हैं। जांजगीर-चांपा, कांकेर, सूरजपुर और सरगुजा में 2-2 मामले दर्ज किए गए हैं।
इसके अलावा बालोद, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, कोंडागांव, एमसीबी, मोहला-मानपुर और सक्ती में भी स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं।
सर्दी-खांसी और बुखार को नजरअंदाज न करें
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार सर्दी, खांसी, तेज बुखार, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लोगों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराकर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।




