छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

कांकेर से राष्ट्रीय राजनीति तक भूपेंद्र नाग का सफर: भाजयुमो की नई टीम में उपाध्यक्ष बने, छत्तीसगढ़ को मिला बड़ा प्रतिनिधित्व

रायपुर, 21 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। इस नई टीम में छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के रहने वाले भूपेंद्र नाग को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा नेताओं में उत्साह का माहौल है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेशानुसार भाजयुमो के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और विभिन्न दायित्वों पर सदस्यों की नियुक्ति की गई है। घोषित सूची के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। राष्ट्रीय टीम में उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यालय प्रभारी, मीडिया प्रभारी और सोशल मीडिया प्रभारी सहित विभिन्न पदों पर नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

सात नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

भाजयुमो की राष्ट्रीय टीम में भूपेंद्र नाग के अलावा जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नागालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

राष्ट्रीय महामंत्री और मंत्रियों की भी नियुक्ति

राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बडजेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मित्त वामशी कृष्णा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, राष्ट्रीय मंत्री के पद पर असम के बिस्वजीत खौंड, मध्य प्रदेश के आशीष बन, महाराष्ट्र की सयाली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान के हिमांशु शर्मा, पंजाब के सरदार अरमानजोत बरार, बिहार के अमन यादव और झारखंड के राहुल झा को नियुक्त किया गया है।

कोषाध्यक्ष से लेकर मीडिया और सोशल मीडिया प्रभारी तक नियुक्तियां

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को दी गई है, जबकि राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है। गुजरात के ध्रुव पंडित राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और दिल्ली के मोहित सोनी कार्यालय सह-प्रभारी होंगे।

नीति एवं शोध प्रभारी के पद पर तेलंगाना की अखिला बंदम को नियुक्त किया गया है। वहीं, गुजरात के रंगम त्रिवेदी, तेलंगाना के कमल मदीशेट्टी और हरियाणा की डॉ. रमा बल्हारा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।

मीडिया प्रभारी के रूप में बिहार के हिमांशु यादव नियुक्त किए गए हैं। मीडिया सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दिल्ली की शिवानी सिंह, हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर और दिल्ली के विशु बसोया को सौंपी गई है।

इसके अलावा दिल्ली की अपूर्वा सिंह को सोशल मीडिया प्रभारी और बिहार के मानवेंद्र चौहान को सोशल मीडिया सह-प्रभारी बनाया गया है।

भाजयुमो की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को प्रदेश के लिए अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ की युवा राजनीति को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिला है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar