छत्तीसगढ़

जनसंपर्क में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, काम के हिसाब से होगा मूल्यांकन: रजत बंसल, 3 जिलों के अधिकारियों पर कार्रवाई

रायपुर। जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने नवा रायपुर स्थित संवाद कार्यालय में जनसंपर्क संचालनालय और जिला जनसंपर्क अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए स्पष्ट कहा कि वर्तमान समय में अधिकारियों को न्यू एज मीडिया की सभी विधाओं में दक्ष होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में तकनीक और आधुनिक संचार माध्यमों को अपनाए बिना प्रभावी जनसंपर्क संभव नहीं है।

आयुक्त ने जनसंपर्क कार्य को अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण बताते हुए अधिकारियों को इसे पूरी गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु होते हैं, इसलिए उनके कार्यों का मूल्यांकन अब परिणाम के आधार पर किया जाएगा।

बैठक में निर्देश दिए गए कि अधिकारी मंत्रियों, विभागीय सचिवों, विभागाध्यक्षों और जिला कलेक्टरों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें, ताकि सूचनाओं का समयबद्ध आदान-प्रदान सुनिश्चित हो सके और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो।

आयुक्त ने आगामी 1 मई से शुरू होने वाले प्रदेशव्यापी “सुशासन तिहार” के प्रचार-प्रसार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के वास्तविक अनुभवों को वीडियो और समाचारों के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रेरित होकर इनका लाभ ले सकें।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मीडिया के सभी माध्यमों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखना आवश्यक है, जिससे शासन की उपलब्धियों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। प्रचार-प्रसार कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन जिलों के जनसंपर्क अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव और हर्षा पौराणिक सहित संचालनालय एवं जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar