छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

ओबीसी महासभा ने उठाई 27% आरक्षण और जातिवार जनगणना की मांग, बस्तर-जगदलपुर में सौंपा ज्ञापन

जगदलपुर, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और राष्ट्रीय जनगणना 2027 में ओबीसी के लिए अलग कॉलम निर्धारित करने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में ओबीसी महासभा छत्तीसगढ़ की बस्तर जिला इकाई ने बस्तर और जगदलपुर में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

बस्तर में संभागीय सचिव दिलेश्वरी ठाकुर के नेतृत्व में तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। वहीं, जगदलपुर में जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन देकर ओबीसी वर्ग की मांगों से अवगत कराया गया।

जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग

ओबीसी महासभा ने मांग की है कि राष्ट्रीय जनगणना 2027 के प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पृथक कॉलम निर्धारित किया जाए। साथ ही ओबीसी की जातिवार गणना सुनिश्चित करने के लिए राज्यवार जातियों की स्पष्ट सूची तैयार करने और डिजिटल प्रणाली में ड्रॉपडाउन विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि इससे जातियों के वर्गीकरण में संभावित त्रुटियों को कम करने और ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या के विश्वसनीय आंकड़े सामने लाने में मदद मिलेगी। जनसंख्या के स्पष्ट आंकड़े शिक्षा, सरकारी नौकरियों, आरक्षण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने पर जोर

महासभा ने छत्तीसगढ़ में ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग भी उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि पिछड़े वर्गों की वास्तविक जनसंख्या के अनुरूप योजनाएं तैयार करने और सरकारी संसाधनों का उचित वितरण सुनिश्चित करने के लिए जातिवार आंकड़ों की उपलब्धता जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जनगणना में ओबीसी की स्पष्ट पहचान और जातिवार आंकड़ों का संकलन सामाजिक न्याय से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। संगठन ने केंद्र और राज्य सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की। ज्ञापन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से इन मांगों को शासन तक पहुंचाने का आग्रह भी किया गया।

ये पदाधिकारी रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान संभाग अध्यक्ष दिनेश यदु, संभाग उपाध्यक्ष तुलसी ठाकुर, संभागीय सचिव दिलेश्वरी ठाकुर एवं योगेश्वरी साहू, जिला अध्यक्ष रघुवंश यादव एवं मुन्ना लाल यादव, जिला उपाध्यक्ष गेंदालाल सोनी, जगदलपुर शहर अध्यक्ष जगमोहन यादव, ओबीसी महासभा युवा मोर्चा के सचिव मनोज ठाकुर, कमल दिवान, देवनाथ ठाकुर, जयप्रकाश पटेल, सदाशिव ठाकुर, बनमाली यादव, दशामनी और पपेश्वरी ठाकुर सहित नारायण एवं अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में सामाजिक सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar