होटल से होमस्टे और सोशल मीडिया तक, 10 श्रेणियों में मिलेगा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’

बस्तर,31 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने और पर्यटन से जुड़े उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार के तहत होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिला पर्यटन प्रबंधन, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को सम्मानित किया जाएगा।
इस योजना के तहत 10 श्रेणियों में एक-एक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और मेमेंटो दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
पर्यटन की पूरी श्रृंखला को मिलेगा प्रोत्साहन
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ में पर्यटन को केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित न रखते हुए इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को सम्मान के दायरे में शामिल किया गया है। आतिथ्य, पर्यटन संचालन, जिला पर्यटन प्रबंधन, उद्यमिता, रिसॉर्ट सेवाएं, पर्यटक सहायता, होमस्टे, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और साहसिक पर्यटन जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार की प्रमुख श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड, सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप, उद्यमिता पुरस्कार, CTB Star Performer–सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, CTB Star Performer–पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड शामिल हैं।
बेहतर सेवाओं और नवाचार को मिलेगा सम्मान
सर्वश्रेष्ठ होटल श्रेणी में प्रभावशाली सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले पर्यटन उद्यम का चयन किया जाएगा। इसमें MICE सुविधाओं, वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार, आयोजित कार्यक्रमों की संख्या, पर्यटन प्रचार, सतत पर्यटन, CSR गतिविधियों और रोजगार सृजन जैसे मानकों को महत्व दिया जाएगा।
इसी तरह सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर का चयन आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन और अन्य पर्यटन गतिविधियों के प्रभावी संचालन के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के आधार पर किया जाएगा। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी, इटिनरेरी, प्रचार सामग्री, वेबसाइट और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
उत्कृष्ट जिला पर्यटन को भी मिलेगा पुरस्कार
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड के तहत उस जिले का चयन किया जाएगा, जिसने पर्यटन के व्यापक विकास, गंतव्य प्रबंधन और घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बेहतर कार्य किया हो।
मूल्यांकन में पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, हरित उपाय, प्रकृति आधारित गतिविधियां, कृषि एवं ग्रामीण जीवनशैली, संस्कृति, मत्स्य पालन और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को भी शामिल किया गया है।
पर्यटन स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को मिलेगा मंच
पर्यटन क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप और उद्यमिता पुरस्कार रखा गया है। इसके माध्यम से ऐसे स्टार्टअप और व्यक्तिगत उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिन्होंने नए विचारों, तकनीक, सेवाओं और व्यावसायिक मॉडलों के जरिए छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने का काम किया है।
रिसॉर्ट और पर्यटक सूचना केंद्र भी होंगे सम्मानित
CTB Star Performer की दो श्रेणियों में पर्यटन बोर्ड की प्रीमियम एवं बजट श्रेणी की इकाइयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रिसॉर्ट और उल्लेखनीय बुकिंग उपलब्ध कराने वाले पर्यटक सूचना केंद्रों को सम्मानित किया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट के चयन में टर्नओवर, लाभप्रदता और अधिभोग प्रतिशत जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा। वहीं पर्यटक सूचना केंद्रों का मूल्यांकन पूरे वर्ष पर्यटकों के लिए बुकिंग उपलब्ध कराने में उनके प्रदर्शन के आधार पर होगा।
होमस्टे से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे श्रेणी में घरेलू पर्यटन से अर्जित राजस्व, वार्षिक वृद्धि दर, बुकिंग की संख्या और घरेलू पर्यटकों की संख्या जैसे मानकों के आधार पर चयन होगा।
इसके अलावा ग्राहक समीक्षा, शिकायत निवारण प्रणाली, दिव्यांग पर्यटकों के लिए सुविधाएं और होमस्टे की विशिष्ट अवधारणा को भी महत्व दिया जाएगा। स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के अवसर पैदा करने वाले प्रयासों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा।
सोशल मीडिया के जरिए छत्तीसगढ़ पर्यटन की ब्रांडिंग
पर्यटन प्रचार में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका को देखते हुए सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी भी शामिल की गई है। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर आधारित रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के जरिए राज्य के पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा।
फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की पहुंच, पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन और उपलब्ध होने पर कारोबार संबंधी विवरण को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
इको-टूरिज्म और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता
सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड के जरिए पर्यावरण-अनुकूल और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को सम्मानित किया जाएगा। परियोजना का छत्तीसगढ़ में स्थित होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना आवश्यक है।
इसमें नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी, वनस्पति एवं जीव-जंतुओं का संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा जैसे मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को भी सम्मान
छत्तीसगढ़ में कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले श्रेष्ठ संचालक को सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड दिया जाएगा। इसमें गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या, साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल और गतिविधियों से प्राप्त राजस्व प्रमुख मूल्यांकन मानदंड होंगे।
इसके साथ ही पर्यटकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण साहसिक अनुभव, नए एडवेंचर प्रोडक्ट विकसित करने और प्राकृतिक गंतव्यों को एडवेंचर टूरिज्म के लिए विकसित एवं प्रचारित करने के प्रयासों को भी महत्व दिया जाएगा।
15 सितंबर तक भेज सकेंगे आवेदन
पुरस्कार की सभी श्रेणियों के लिए इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक अपनी प्रविष्टियां 15 सितंबर 2026 तक ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन राज्य पर्यटन विभाग और निर्णायक समिति द्वारा निर्धारित पात्रता एवं मूल्यांकन मानकों के आधार पर किया जाएगा। पुरस्कार योजना के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, सतत पर्यटन, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, स्थानीय रोजगार और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।




