रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 16 ट्रेनों के बदले मार्ग, 1 से 15 अक्टूबर तक प्रभावित रहेगा संचालन

भोपाल। बीना और आगासौद रेलवे स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जा रहा है। इसके चलते बीना होकर गुजरने वाली 16 ट्रेनों का संचालन अलग-अलग तारीखों में परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। यह बदलाव 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।
रेलवे के अनुसार, बीना एवं आगासौद स्टेशनों पर प्री-नॉन इंटरलाकिंग और नॉन इंटरलाकिंग का काम चल रहा है। इसी वजह से रीवा, भोपाल, जबलपुर, धनबाद और जोधपुर रूट की कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।
इन ट्रेनों के मार्ग में बदलाव
- रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर एवं वापसी ट्रेन 11703-11704 को 8 से 14 अक्टूबर तक बीना-मालखेड़ी-महादेवखेड़ी-गुना-रूठियाई-मक्सी मार्ग से चलाया जाएगा।
- वेरावल-जबलपुर एवं वापसी ट्रेन 11465-11466 9, 10 और 12 अक्टूबर को भोपाल-इटारसी मार्ग से संचालित होगी।
- रीवांचल एक्सप्रेस 12185-12186 की 8 से 14 अक्टूबर तक की सेवाएं कटनी-जबलपुर-इटारसी मार्ग से चलेंगी।
- हावड़ा-भोपाल 13025-13026, भोपाल-धनबाद 11631-11632, भोपाल-चोपन 11633-11634 और भोपाल-सिंगरौली 22165-22166 को निर्धारित तारीखों पर इटारसी-जबलपुर-कटनी मार्ग से चलाया जाएगा।
- भोपाल-जोधपुर 14814 और जोधपुर-भोपाल 14813 ट्रेनें 1 से 15 अक्टूबर के बीच संत हिरदाराम नगर-मक्सी-नागदा-कोटा मार्ग से संचालित होंगी।
यार्ड की क्षमता बढ़ेगी
रेलवे के मुताबिक, बीना-आगासौद यार्ड रीमॉडलिंग पूरा होने के बाद यार्ड की क्षमता में वृद्धि होगी। इससे ट्रेनों के संचालन, ठहराव के प्रबंधन और समयपालन में सुधार के साथ-साथ भविष्य में बढ़ने वाले रेल यातायात को संभालने में भी सुविधा मिलेगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि 1 से 15 अक्टूबर के बीच यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन का नया मार्ग और परिचालन तिथि जरूर जांच लें।



