भानपुरी में कांग्रेस का हल्लाबोल: मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका, ‘वोट चोर’ के नारे लगाकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

भानपुरी,13 अक्टूबर 2026
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और कथित गड़बड़ियों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक युवा कांग्रेस कमेटी ने भानपुरी मुख्य चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धनुर्जय नेताम के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और चुनाव आयोग के खिलाफ ‘वोट चोर’ के नारे लगाए।
धनुर्जय नेताम ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष धनुर्जय नेताम ने चुनाव आयोग की कार्यशैली की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र और संविधान के मूल स्वरूप के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव जैसी महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया से जुड़ी संस्थाओं पर जनता का भरोसा कमजोर होना लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे और कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे।
पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने भी साधा निशाना
प्रदर्शन में शामिल पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने भी चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं और चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारी निष्पक्षता से निभाने में विफल रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और युवा कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा तथा चुनावी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आंदोलन जारी रखेंगे।
युवा कांग्रेस ने दी प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
ब्लॉक युवा कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि युवा वर्ग लोकतंत्र और चुनावी पारदर्शिता की रक्षा के लिए संघर्ष करने को तैयार है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चुनाव आयोग अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करता है, तो युवा कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।
मुख्य चौक पर पुतला दहन, पुलिस बल रहा मौजूद
सभा के बाद कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भानपुरी मुख्य चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की मांग को लेकर उनका विरोध जारी रहेगा।
इस दौरान ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, पूर्व विधायक चंदन कश्यप, ब्लॉक प्रभारी लक्ष्मण कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष धनुर्जय नेताम, ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष निलय कश्यप, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धर्मा पाढ़ी, ब्लॉक उपाध्यक्ष अभिषेक बाजपेयी, मर्दापाल ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम, आदिवासी ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल, आईटी सेल अध्यक्ष सत्यकांत कश्यप, प्रदेश सचिव श्यामकुमारी ध्रुव, जिला उपाध्यक्ष सुखराम पोयाम, महामंत्री जीवन सेठिया सहित कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




