छत्तीसगढ़जगदलपुरबस्तर संभाग

बाढ़ के बीच मैदान में उतरे सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर से बकावंड तक प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत शिविरों में सुनी समस्याएं

जगदलपुर, 26 सितम्बर 2026। अर्नब चक्रवात के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश के कारण इंद्रावती नदी और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। ऐसे में बस्तर सांसद महेश कश्यप शनिवार सुबह से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

सांसद कश्यप ने जगदलपुर शहर के डोंगाघाट, आसना और प्रवीर वार्ड सहित अन्य प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों और प्रभावित लोगों की जरूरतों की जानकारी ली।

इसके बाद सांसद बकावंड विकासखंड के कुरुषनार, लिटिगुड़ा और शुक्रापाल पहुंचे। यहां उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनके बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

सांसद ने राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों की सुरक्षा, भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर प्रशासन से समन्वय किया।

इससे पहले शुक्रवार शाम सांसद महेश कश्यप मोटर बोट के जरिए नगरनार क्षेत्र के भेजापदर गांव पहुंचे थे। भारी बारिश और इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने से यह गांव टापू में तब्दील हो गया था। सांसद रेस्क्यू टीम के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों की स्थिति का जायजा लिया।

लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच सांसद महेश कश्यप प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं और प्रशासन के साथ समन्वय कर प्रभावित लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने की जानकारी ले रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar