खेलछत्तीसगढ़बस्तर संभाग

बस्तर ओलंपिक 2026-27 की तैयारियां तेज: 7 जिलों में 11 खेलों की होगी प्रतियोगिता, 1 अक्टूबर से शुरू होगा खिलाड़ियों का पंजीयन

जगदलपुर, 2 सितंबर 2026। बस्तर संभाग के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। कमिश्नर डोमन सिंह ने संभाग के सभी जिला कलेक्टरों और खेल अधिकारियों को आयोजन की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

बस्तर ओलंपिक का आयोजन संभाग के बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में किया जाएगा। प्रतियोगिताएं कुल 11 खेल विधाओं में तीन स्तरों पर आयोजित होंगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और युवाओं को खेलों के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

1 अक्टूबर से शुरू होगा पंजीयन

जारी कार्यक्रम के अनुसार बस्तर ओलंपिक के लिए 1 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक पंजीयन किया जाएगा। युवाओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन की व्यवस्था की जाएगी।

इसके बाद 1 से 13 नवंबर 2026 तक विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विकासखंड स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी 16 से 25 नवंबर 2026 तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

इसके बाद चयनित खिलाड़ी 7 से 11 दिसंबर 2026 के बीच होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपना प्रदर्शन करेंगे।

हर गांव से युवाओं की भागीदारी पर जोर

कमिश्नर डोमन सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुदूर वनांचल और अंदरूनी ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक गांव से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं में खेलों की प्राकृतिक प्रतिभा मौजूद है। उचित अवसर और मार्गदर्शन देकर उन्हें उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में तैयार किया जा सकता है।

आयोजन समितियों का होगा गठन

बस्तर ओलंपिक के पारदर्शी और प्रभावी संचालन के लिए ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आयोजन समितियों का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की जाएगी। अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक युवा प्रतियोगिता से जुड़ सकें।

बस्तर ओलंपिक 2026-27 के जरिए संभाग के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को बड़े स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar