छत्तीसगढ़

पत्रकार स्व. पंकज शर्मा की प्रतिमा का उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया अनावरण, पत्रकारिता में योगदान को किया याद

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026

वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से रायपुर के पंकज गार्डन, खो-खो पारा में उनकी प्रतिमा का अनावरण उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया। समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और अनुज शर्मा सहित वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय पंकज शर्मा के जीवन और उनकी पत्रकारिता यात्रा पर आधारित करीब एक घंटे की विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। इसमें उनके पत्रकारिता जीवन, देश-विदेश में किए गए कार्यों, लेखन शैली, संवाद क्षमता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को प्रदर्शित किया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि स्व. पंकज शर्मा ने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और मिशन के रूप में जिया। उन्होंने कहा कि सीमित जीवनकाल में अपनी प्रतिभा और लेखनी से बनाई गई उनकी पहचान आज भी पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणादायी है। उनकी स्मृति को स्थायी रूप देना केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि रायपुर की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा का सम्मान है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पंकज शर्मा रायपुर की उस पत्रकारिता परंपरा के प्रतिनिधि थे, जिसने अपनी प्रतिभा और लेखनी के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उनकी स्मृति में प्रतिमा का अनावरण आने वाली पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू ने भी स्वर्गीय पंकज शर्मा को याद करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने उनकी पत्रकारिता शैली, लेखन और उस दौर की पत्रकारिता में उनके प्रभाव पर प्रकाश डाला।

पंकज शर्मा के नाम पर संस्थानों और सम्मान की पहल का प्रस्ताव

विधायक अनुज शर्मा ने स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को व्यापक स्वरूप देने के लिए कई प्रस्ताव रखे। उन्होंने पंकज उद्यान का नाम “पत्रकार पंकज शर्मा उद्यान” करने, खो-खो पारा स्थित स्कूल का नाम “पत्रकार पंकज शर्मा” के नाम पर करने और युवा पत्रकार राज्य अलंकरण की शुरुआत उनके नाम से किए जाने का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने पत्रकारिता विश्वविद्यालय की किसी प्रमुख बिल्डिंग का नाम भी “पंकज शर्मा” के नाम पर किए जाने का सुझाव दिया। मंच पर मौजूद अतिथियों ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय पंकज शर्मा ने अपने अल्प जीवनकाल में हिंदी पत्रकारिता को नई दिशा दी और देश-विदेश में अपनी प्रतिभा से भारतीय पत्रकारिता का गौरव बढ़ाया। उनकी स्मृति में आयोजित यह समारोह पत्रकारिता के मूल्यों, परंपरा और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा को आगे बढ़ाने का संकल्प भी है।

कार्यक्रम का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ एवं विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar