दूरस्थ क्षेत्रों में खुलेंगे PWD के नए कार्यालय, सड़क-पुल निर्माण कार्यों में आएगी तेजी

रायपुर, 5 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में सड़कों, भवनों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग ने दूरस्थ क्षेत्रों में भी अपने कार्यालयों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के 16 उप संभागीय, 2 संभागीय और 1 सेतु मंडल कार्यालय के साथ इनके लिए आवश्यक सेट-अप की मंजूरी प्रदान कर दी है।
इन नए कार्यालयों की स्थापना से निर्माण कार्यों की निगरानी, विभागीय कामकाज में कसावट और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है। खासतौर पर दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी बढ़ने से सड़क एवं अधोसंरचना परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग आसान होगी।
सेतु क्षेत्र में 9 नए कार्यालयों को मंजूरी
राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के सेतु परिक्षेत्र के अंतर्गत 9 नए कार्यालयों की स्वीकृति दी है। इनमें जगदलपुर में अधीक्षण अभियंता कार्यालय और रायपुर में कार्यपालन अभियंता, सेतु संभाग क्रमांक-2 का कार्यालय शामिल है।
इसके अलावा बीजापुर, सुकमा, कोण्डागांव, बालोद, मुंगेली, सारंगढ़ और बैकुंठपुर में अनुविभागीय अधिकारी (सेतु उप संभाग) के कार्यालय शुरू किए जाएंगे।
इन कार्यालयों के खुलने से पुल-पुलियों के निर्माण और रखरखाव से जुड़े कार्यों की निगरानी स्थानीय स्तर पर मजबूत होगी और परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने में मदद मिलेगी।
सड़क और भवन निर्माण के लिए 10 नए कार्यालय
राज्य शासन ने भवन एवं सड़क निर्माण के लिए भी 10 नवीन कार्यालयों को मंजूरी दी है। इनमें बैकुंठपुर में कार्यपालन अभियंता (कोरिया संभाग) कार्यालय स्थापित किया जाएगा।
इसके साथ ही फरसगांव, ओरछा, डोंगरगांव, डौंडी, धमधा, आरंग, खड़गवां, सोनहत और बलौदाबाजार में अनुविभागीय अधिकारी (उप संभाग) के कार्यालय खोले जाएंगे।
दूरस्थ क्षेत्रों में विभागीय निगरानी होगी मजबूत
नए कार्यालयों की स्थापना का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग की पहुंच बढ़ाना, निर्माण कार्यों में तेजी लाना और अधिकारियों की जवाबदेही एवं निगरानी को मजबूत करना है। इससे स्थानीय स्तर पर तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का तेजी से समाधान हो सकेगा तथा सड़क, भवन और पुल-पुलियों जैसी अधोसंरचना परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।




