छत्तीसगढ़दुर्ग संभाग

दुर्ग में स्वाइन फ्लू का पहला मामला, 2 साल की बच्ची H1N1 पॉजिटिव; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

दुर्ग,23 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बरसाती सीजन के दौरान स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 माह की बच्ची में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है। संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है।

डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची को करीब दो दिनों से तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षण थे। इसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका के आधार पर उसकी RT-PCR जांच कराई। जांच रिपोर्ट में H1N1 वायरस पॉजिटिव पाया गया।

निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

फिलहाल बच्ची का इलाज निजी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग भी बच्ची की स्थिति और संक्रमण से जुड़े मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

बच्ची की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची। टीम ने घर और आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी जुटा रहे हैं।

बच्ची के परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि परिवार में कोई अन्य व्यक्ति संक्रमित तो नहीं है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग बच्ची के संपर्क में आए लोगों की जानकारी भी जुटा रहा है, जिससे संक्रमण के संभावित फैलाव को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सके।

खांसने और छींकने से फैल सकता है संक्रमण

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, 5 साल से कम उम्र के बच्चे फ्लू के कारण गंभीर बीमारी के ज्यादा जोखिम वाले समूह में आते हैं।

H1N1 सहित फ्लू का संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या बात करने के दौरान निकलने वाली छोटी बूंदों और कणों के जरिए दूसरे व्यक्ति तक पहुंच सकता है। बंद और भीड़भाड़ वाली जगहों पर संक्रमण फैलने का खतरा अधिक हो सकता है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले की निगरानी और संपर्क में आए लोगों की जांच के जरिए संक्रमण को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar