
जगदलपुर,9 सितम्बर 2026
जगदलपुर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत 10 सितंबर को इंद्रावती से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर पर 2700 से अधिक पौधों का वृहद पौधरोपण किया जाएगा। कार्यक्रम जनजातीय गौरव वाटिका, कुम्हड़ाकोट के सामने सुबह 8:30 बजे आयोजित होगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि होंगे, जबकि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप अध्यक्षता करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने महापौर संजय पाण्डेय ने इंद्रावती से गोरिया बहार तक स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर का रंग-रोगन कर आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
महापौर ने कहा कि हरित और सुंदर जगदलपुर का निर्माण शहर के समग्र विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने शहरवासियों से पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
वन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नगर पालिक निगम जगदलपुर के संयुक्त सहयोग से होने वाला यह अभियान शहर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







