छत्तीसगढ़

कुसमुंडा-गेवरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, पहले एक्टिवा और बाइक में भिड़ंत फिर भारी वाहन की चपेट में आने से दो की मौत

कोरबा,4 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौत हो गई। हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र के कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां एक्टिवा और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों पर सवार युवक-युवती सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से दोनों की जान चली गई।

पहले एक्टिवा और बाइक में हुई जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा-गेवरा मुख्य मार्ग पर एक्टिवा और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों पर सवार लोग अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक भारी वाहन दोनों की ओर आ गया।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक भारी वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक्टिवा सवार युवती भी गंभीर रूप से वाहन की चपेट में आ गई और उसने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़

भीषण सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 और संजीवनी वाहन को सूचना दी। इसके साथ ही कुसमुंडा थाना पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच, मृतकों की पहचान जारी

सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar