मर्दापाल में शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं का हल्ला, श्यामकुमारी ध्रुव के नेतृत्व में प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

कोंडागांव। ग्राम पंचायत मर्दापाल में प्रस्तावित देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान खोलने के निर्णय के खिलाफ महिलाओं ने जोरदार विरोध जताया। प्रदेश सचिव श्यामकुमारी ध्रुव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला जनसमूह ने कोंडागांव अपर कलेक्टर और मर्दापाल तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर अपने विरोध की चेतावनी दी।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि शराब दुकान से सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक जीवन पर नकारात्मक असर पड़ेगा। विशेषकर युवा वर्ग इसके दुष्प्रभाव से प्रभावित होगा, जिससे उनकी सेहत, भविष्य और रोजगार पर विपरीत असर पड़ सकता है।
महिलाओं ने चिंता जताई कि शराब दुकान खुलने से गाली-गलौच, आपसी विवाद, घरेलू हिंसा, चोरी-लूट जैसी घटनाओं में वृद्धि होगी। इसके अलावा, बच्चों और युवाओं के मानसिक विकास और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ेगी।
महिला समूह ने साफ कहा कि यदि प्रशासन शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया को निरस्त नहीं करता है, तो वे उग्र आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अनुरोध किया कि मर्दापाल एवं आसपास के क्षेत्रों में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को तुरंत रद्द किया जाए, ताकि गांव का सामाजिक संतुलन और शांति बनी रहे।




