एशियन गेम्स ट्रायल्स में नहीं खेल पाएंगी विनेश फोगाट, दिल्ली हाई कोर्ट ने राहत देने से किया इनकार

नई दिल्ली , 19/05/26 । भारतीय महिला पहलवान Vinesh Phogat को बड़ा झटका लगा है। Delhi High Court ने उन्हें 2026 एशियन गेम्स चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद अब विनेश 30 और 31 मई को होने वाले चयन ट्रायल्स में भाग नहीं ले सकेंगी।
जस्टिस Purushendra Kumar Kaurav की बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि विनेश को पहले ही घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य घोषित किया जा चुका है। ऐसे में बिना दूसरी पक्ष की दलील सुने अंतरिम राहत देना उचित नहीं होगा।
अदालत ने कहा कि चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है और राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखना होगा। कोर्ट ने साफ किया कि फिलहाल विनेश को राहत देने का आधार नहीं बनता।
WFI की चयन नीति को दी थी चुनौती
दरअसल, विनेश फोगाट ने Wrestling Federation of India की एशियन गेम्स चयन नीति और 9 मई को जारी नोटिस को चुनौती दी थी। WFI ने उन्हें 26 जून तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने से रोक दिया है। इस प्रतिबंध में नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट भी शामिल है।
फेडरेशन की चयन नीति के मुताबिक केवल वही खिलाड़ी ट्रायल्स में हिस्सा ले सकते हैं, जिन्होंने हाल की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीता हो। पुराने प्रदर्शन को चयन का आधार नहीं माना जाएगा।
विनेश पर अनुशासनहीनता के आरोप
WFI ने विनेश फोगाट पर अनुशासनहीनता और एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के आरोप लगाए हैं। फेडरेशन का कहना है कि रिटायरमेंट के बाद वापसी करने वाले खिलाड़ियों के लिए निर्धारित 6 महीने की नोटिस अवधि का पालन जरूरी होता है, लेकिन विनेश ने इसका पालन नहीं किया।
सुनवाई के दौरान विनेश की ओर से पेश वरिष्ठ वकील ने दलील दी कि उन्हें पहले टूर्नामेंट के लिए रजिस्ट्रेशन की अनुमति दी गई थी, लेकिन बाद में अचानक रोक लगा दी गई, जिससे उनके साथ अन्याय हुआ।
पहलवान आंदोलन का रही थीं प्रमुख चेहरा
बता दें कि विनेश फोगाट उन महिला पहलवानों में शामिल रही हैं, जिन्होंने पूर्व WFI प्रमुख Brij Bhushan Sharan Singh पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। साल 2023 में जंतर-मंतर पर हुए पहलवान आंदोलन में भी विनेश प्रमुख चेहरों में शामिल थीं। उनके साथ Sakshi Malik और Bajrang Punia भी आंदोलन का हिस्सा रहे थे।




