बस्तर से निकलेंगी लिएंडर पेस जैसी सख्सियतें= लॉन टेनिस में आदित्य का उदय, वंशदीप ने फैलाया उजाला


= नेशनल के लिए बस्तर के दो बच्चों का हुआ चयन =
जगदलपुर। वैसे तो बस्तर अपनी प्राकृतिक सुंदरता एवं वनवासी जीवनशैली एवं परंपरा के लिए विश्वविख्यात है लेकिन अब वो दिन दूर नहीं जब इसी बस्तर की धरती के सपूत लिएंडर पेस जैसे टेनिस खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे। यहां के बच्चे और युवा खिलाड़ी अपने परिश्रम और मजबूती के साथ खेल के क्षेत्र में अपनी जगह बना रहे हैं। इन्ही खिलाड़ियों में शामिल हैं आदित्य विश्वकर्मा और वंशदीप सिंह। हाल ही में दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बस्तर जैसे सुदूर इलाके के दो टेनिस खिलाड़ियों का चयन नेशनल लॉन टेनिस स्पर्धा जैसी प्रभावी प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
स्वामी विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर की कक्षा नवमी के छात्र आदित्य विश्वकर्मा (15 वर्ष) एवं स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा छठवी के छात्र वंशदीप सिंह (12 वर्ष) क्रमश: अंडर 17 एवं अंडर 12 वर्ग में नेशनल स्पर्धा के लिए चयनित हुए हैं। आदित्य विश्वकर्मा अंडर 17 में लगातार 3 जीत के साथ फाइनल में पहुंचे और फिर राज्यस्तरीय स्पर्धा में द्वितीय स्थान हासिल किया। अब उनका चयन राष्ट्रीय स्पर्धा हेतु हुआ है। वही वंशदीप सिंह ने लगातार 3 जीत और एक हार के साथ राष्ट्रीय स्पर्धा में जगह बनाई है। इनके कोच कुणाल चालीसगांवकर ने बताया कि शालेय राज्यस्तरीय स्पर्धा में संभाग से चयनित बालको का 100 प्रतिशत प्रतिशत रिजल्ट आया है। आदित्य विश्वकर्मा गत वर्ष मात्र 1 पॉइंट्स से राष्ट्रीय स्पर्धा में चयनित होने से चूक गए थे। फिर भी आदित्य ने हतोत्साहित ना होकर एक वर्ष कठोर परिश्रम किया जिसका परिणाम आज उन्हें मिला है। इसके बधाई के पात्र है। वही प्रतिभा के धनी वंशदीप सिंह ने कुछ ही महीनो पहले अकादमी में प्रशिक्षण लेना प्रारम्भ किया था। इतने कम अंतराल एवं आयु में चयन होना बस्तर अंचल के लिए गौरव का विषय है। साथ कोच श्री चालीसगांवकर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर इससे अधिक चुनौतिया इनके समक्ष होंगी। परिश्रम एवं निरंतरता रुकना नहीं चाहिएI जगदलपुर टेनिस एसोसिएशन ने दोनों बालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि कुछ वर्ष पूर्व किए गए प्रयासों के परिणाम अब सामने आने लगे हैं। लॉन टेनिस के क्षेत्र में बस्तर का नाम पहले राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सामने आने लगा है। अकादमी में अभी अंचल के तकरीबन 45 युवा बालक बालिकाएं प्रशिक्षण ले रहे हैं। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ एवं बस्तर का नाम खेल जगत में अवश्य ही रोशन होगाI




