छत्तीसगढ़सरगुजा संभाग

जशपुर में मंदिर से छेड़छाड़ पर बवाल: प्रतिमा तोड़ी, धार्मिक झंडे जलाए, महिलाओं में आक्रोश

जशपुर, 06 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक प्राचीन मंदिर में तोड़फोड़ की घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। जशपुर के आस्ता थाना क्षेत्र के धरधरी गांव स्थित बम्हनी माता मंदिर में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने भगवान की प्रतिमा को खंडित कर दिया और परिसर में लगे धार्मिक झंडों को जला दिया।

सोमवार सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो यह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। घटना की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया।

महिलाओं में भारी आक्रोश, रो पड़ीं श्रद्धालु
मंदिर में नियमित पूजा करने वाली महिलाओं की भावनाएं गहराई से आहत हुईं। कई महिलाएं मौके पर ही रो पड़ीं। ग्रामीणों ने इस घटना को आस्था पर सीधा हमला बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

VHP ने जताया विरोध, गिरफ्तारी की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस जांच में जुटी
मामले पर जशपुर के एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही SDOP और आस्ता थाना पुलिस को मौके पर भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

➡️ घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar