बस्तर में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया: केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने लालबाग मैदान में ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी, शहीद परिवारों और वीर जवानों को किया सम्मानित



जगदलपुर के लालबाग मैदान में आजादी का जश्न: तोखन साहू ने फहराया तिरंगा, 15 प्लाटूनों का शानदार मार्चपास्ट, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने जीता दर्शकों का दिल

जगदलपुर, 15 अगस्त 2025। बस्तर जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम जगदलपुर के लालबाग परेड मैदान में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश वाचन किया और शहीद परिवारों व भूतपूर्व सैनिकों से मुलाकात की।
परेड में उप पुलिस अधीक्षक संगम राम और निरीक्षक गणेश राम यादव के नेतृत्व में 15 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। शस्त्र रहित वर्ग में वन विद्यालय जगदलपुर प्रथम, एनसीसी 9वीं कंपनी सेजेस धरमपुरा द्वितीय और एनसीसी 10वीं कंपनी जगतू माहरा हायर सेकेंडरी स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। शस्त्र सहित वर्ग में सीआरपीएफ 80वीं बटालियन प्रथम, 241 बस्तरिया बटालियन (महिला) द्वितीय और जिला पुलिस बल (महिला) तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों को शाल-श्रीफल और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक व व्यायाम प्रदर्शन में हायर सेकेंडरी स्कूल तितिरगांव प्रथम, विद्या ज्योति स्कूल द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर कंगोली तृतीय स्थान पर रहे।
समारोह में कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, महापौर संजय पांडेय सहित वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे!




