
जगदलपुर/नारायणपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में जिले में संचालित “प्रोजेक्ट धड़कन” से बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस अभियान के तहत अब तक 2780 बच्चों की हृदय जांच की जा चुकी है, जिसमें 4 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण पाए गए।
मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि किसी भी बच्चे को उपचार के अभाव में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि चिन्हित 4 बच्चों में से 3 बच्चों को निःशुल्क उच्च स्तरीय उपचार के लिए सत्य साईं अस्पताल, नवा रायपुर भेजा गया, जबकि एक अन्य बच्चे को आवश्यक प्रक्रिया के बाद रेफर किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि “प्रोजेक्ट धड़कन” के तहत विशेषज्ञ चिकित्सक स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर आधुनिक उपकरणों से हृदय जांच कर रहे हैं, जिससे गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान संभव हो रही है। यह पहल विशेष रूप से स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों के लिए लाभकारी साबित हो रही है।
उन्होंने अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देशित किया कि हर बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए और जरूरतमंद बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि यह अभियान जिले में बच्चों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी और गंभीर रोगों के निःशुल्क उपचार की दिशा में प्रभावी प्रयास साबित हो रहा है।




