
जगदलपुर, 18 मार्च 2026। बस्तर जिले में साक्षरता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। रविवार 22 मार्च को जिलेभर में ‘उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत महापरीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों नव-साक्षर अपनी सीख और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
कलेक्टर आकाश छिकारा ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेवासियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा उन लोगों के लिए एक नई शुरुआत है, जो किसी कारणवश शिक्षा से वंचित रह गए थे। यह पहल उन्हें आत्मनिर्भर बनने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर देगी।
प्रशासन द्वारा सभी विकासखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित साक्षरता केंद्रों के माध्यम से अधिक से अधिक प्रतिभागियों को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। शिक्षकों, प्रेरकों और स्वयंसेवकों को घर-घर जाकर लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस अवसर से छूट न जाए।
महापरीक्षा के लिए जिलेभर में सुलभ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, खासकर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। परीक्षा में प्रतिभागियों की पढ़ने, लिखने और सामान्य गणित की क्षमता का मूल्यांकन किया जाएगा। सफल अभ्यर्थियों को साक्षरता प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जो उनके आत्मविश्वास और भविष्य के लिए एक मजबूत आधार बनेगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास के नव-साक्षरों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि बस्तर को पूर्ण साक्षर बनाने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सके।




