छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के दो होनहारों ने UPSC में मारी बाजी: पार्षद की बेटी दर्शना सिंह 283वीं रैंक, DSP डायमंड ध्रुव भी सफल

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में छत्तीसगढ़ के दो अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। एमसीबी जिले की दर्शना सिंह ने 283वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव को 623वां स्थान मिला है।

एमसीबी जिले की दर्शना सिंह भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित हो सकती हैं। उनकी इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। दर्शना के पिता अरूण सिंह राशन दुकान संचालक हैं, जबकि उनकी माता सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर में भाजपा की पार्षद हैं। दर्शना ने प्रारंभिक शिक्षा के बाद लगातार मेहनत और लगन से UPSC की तैयारी की और आखिरकार अपने सपने को साकार किया।

वहीं धमतरी जिले के परसवानी गांव के रहने वाले डायमंड सिंह ध्रुव वर्तमान में डीएसपी के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने पहले ही प्रयास में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) परीक्षा पास की थी और पुलिस सेवा में चयनित हुए थे। अब UPSC में 623वीं रैंक हासिल कर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।

दर्शना सिंह की सफलता पर जिले के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। एमसीबी जिले के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय माना जा रहा है कि यहां की बेटी देश की सर्वोच्च सेवाओं में शामिल होकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेगी।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar