छत्तीसगढ़

अमहां तालाब में नहाने गए दो दोस्तों की डूबकर मौत: शराब के नशे में बिगड़ा संतुलन, बचाने उतरा साथी भी डूबने लगा; बिलासपुर में 3 साल में 17 हादसे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के Bilaspur में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित अमहा तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने निकले थे। हाथ-मुंह धोने के दौरान पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके।

जानकारी के मुताबिक, बंधवापारा निवासी हिमांशु चहांदे (21) और देवरीखुर्द निवासी शिवम मानिकपुरी (20) रविवार दोपहर अपने साथियों के साथ खमतराई की ओर गए थे। सभी अमहा तालाब किनारे एक पेड़ के नीचे बैठकर शराब पीते हुए बातचीत कर रहे थे।

शाम करीब चार बजे हिमांशु और शिवम हाथ-मुंह धोने तालाब की ओर गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और दोनों गहरे हिस्से में चले गए। बताया जा रहा है कि तालाब से मुरूम निकालने के लिए जेसीबी से लगातार खुदाई की गई है, जिससे तालाब काफी गहरा हो गया है। किनारे से ही गहराई शुरू हो जाती है।

नशे की हालत में दोनों जैसे ही पानी के पास पहुंचे, उनका पैर फिसल गया। उन्हें तैरना नहीं आता था, इसलिए वे खुद को संभाल नहीं सके और डूबने लगे। साथियों ने बचाने की कोशिश की। एक युवक पानी में उतरा, लेकिन उसे भी तैरना नहीं आता था। वह भी डूबने लगा, जिसे बाकी दोस्तों ने किसी तरह बाहर निकाला। तब तक हिमांशु और शिवम पानी में लापता हो चुके थे।

सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने तलाश अभियान चलाया। देर शाम दोनों के शव बरामद कर लिए गए।

तीन साल में 17 मौतें

जिले में तालाब, नदी और खदान में डूबने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले तीन साल में ऐसे हादसों में 17 लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और गहरे हिस्सों में चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग उठ रही है।

Related Articles

Back to top button
You Cannot able to copy the content! All Reserved Rights of Bastar Dagar